विकास से हांफता बेंगलुरु शहर!
_____________________
100 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क ने प्रधान मंत्री जी को खुश किया, लेकिन आम जन जाम से बेहाल !
____________________
आईटी की दुनिया में झंडे गाड़ने वाला शहर अपनी सड़कों पर हांफ रहा है। मेट्रो का विस्तार हुआ, लेकिन ट्रैफिक जाम, सड़क हादसों और मौतों पर लगाम नहीं लगी।
________________________
बृज खंडेलवाल द्वारा
बेंगलुरु, 19 नवंबर 2026
________________________
क्या कोई शहर सचमुच तरक्की कर सकता है, जब उसके लोग रोज घंटों सड़कों पर फंसे रहें? दुनिया को सॉफ्टवेयर देने वाला बेंगलुरु आज खुद ट्रैफिक के जाल में उलझा हुआ है।
दो रोज पहले प्रधान मंत्री जी ने बैंगलोर मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर पार करने पर अपनी सरकार की तारीफ की । निश्चित ही यह बड़ी कामयाबी है। लेकिन सड़कों पर हालात अब भी बदहाल हैं।
सुबह घर से निकलो तो जाम, शाम को लौटो तो जाम। चौराहों पर गाड़ियों की लंबी कतारें, सड़कों पर रेंगते वाहन और हॉर्न का शोर। दफ्तर जाने वाले हों, विद्यार्थी हों या मरीज, सबकी जिंदगी ट्रैफिक ने मुहाल कर रखी है। छोटे-छोटे सफर में भी घंटों लग जाते हैं।
बेंगलुरु की विडंबना यही है। शहर की आबादी, गाड़ियां और इमारतें तेजी से बढ़ीं, लेकिन यातायात की व्यवस्था पीछे छूट गई। सवाल है कि लोग अपने घर से मेट्रो स्टेशन तक कैसे पहुंचें? स्टेशन से दफ्तर या घर तक जाने का इंतजाम क्या है?
आखिरी दूरी यानी लास्ट माइल कनेक्टिविटी आज भी बड़ी समस्या है। फीडर बसें कम हैं। बस, मेट्रो और दूसरे साधनों के बीच तालमेल कमजोर है। नतीजा यह है कि बहुत से लोग निजी गाड़ियों पर निर्भर हैं।
शहर का फैलाव भी बेतरतीब हुआ है। नए रिहायशी इलाके, आईटी पार्क और बाजार दूर-दूर तक फैल गए। लेकिन उनके हिसाब से सड़कें और सार्वजनिक परिवहन विकसित नहीं हुए। लोग रोज लंबी दूरी तय करने को मजबूर हैं।
ट्रैफिक जाम सिर्फ परेशानी नहीं, जानलेवा खतरा भी बन चुका है।
कर्नाटक की ट्रैफिक और रोड सेफ्टी यूनिट के आंकड़े डराने वाले हैं। 2021 से 2025 के बीच बेंगलुरु में हर साल औसतन 4,447 सड़क हादसे हुए। इनमें करीब 847 लोगों की जान गई। यानी हर दिन दो से ज्यादा मौतें!
बेंगलुरु को छोड़कर बाकी कर्नाटक की हालत भी बेहतर नहीं है। 2021 में 31,434 हादसे हुए थे। 2025 में यह संख्या बढ़कर 37,682 हो गई। करीब 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ। मौतों की संख्या भी 9,384 से बढ़कर 11,344 पहुंच गई।
2026 के शुरुआती नौ महीनों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाते हैं। इस दौरान राज्य में 28,809 हादसे हुए। इनमें 8,048 लोगों की मौत हुई और 37,289 घायल हुए। ये आंकड़े बेंगलुरु को छोड़कर बाकी राज्य के हैं।
राज्य के पुलिस प्रमुख एम. ए. सलीम ने हादसों वाले इलाकों की पहचान, सख्त कार्रवाई और सड़क सुधार की जरूरत बताई है। पुलिस, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, एनएचएआई और स्थानीय निकाय मिलकर काम कर रहे हैं।
लेकिन सवाल है कि क्या चालान काटने और पुलिस तैनात करने से समस्या हल हो जाएगी? जब सड़कें कमजोर हों, चौराहे अव्यवस्थित हों और गाड़ियों का बोझ लगातार बढ़े, तो हादसों का खतरा कैसे घटेगा?
बेंगलुरु की बीमारी का इलाज सिर्फ नए फ्लाईओवर बनाना नहीं है। कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन कुछ ही दिनों में वहां भी गाड़ियों की कतार लग जाती है। ज्यादा सड़कें अक्सर ज्यादा गाड़ियों को बुला लेती हैं।
शहर को एक नई और दूरदर्शी यातायात नीति चाहिए। बसों की संख्या बढ़े। मेट्रो के साथ बसों का तालमेल बने। हर इलाके से स्टेशन तक आसान सफर हो। पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ हों। साइकिल चलाने वालों को सुरक्षित रास्ते मिलें। पार्किंग की व्यवस्था भी सुधरे।
सबसे जरूरी है कि शहर की अलग-अलग एजेंसियां मिलकर काम करें। सड़क, मकान, बाजार और सार्वजनिक परिवहन की योजना अलग-अलग नहीं बन सकती।
बेंगलुरु देश की आईटी ताकत है। दुनिया भर की कंपनियां यहां कारोबार करती हैं। लाखों युवाओं को रोजगार मिलता है। लेकिन चमचमाती इमारतों और बड़े निवेश से ही शहर महान नहीं बनता।
अच्छे शहर की पहचान यह भी है कि लोग सुरक्षित रहें। समय पर दफ्तर पहुंचें। साफ हवा में सांस लें। बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पार करने में डर न लगे।
100 किलोमीटर मेट्रो का जश्न मनाना चाहिए। मगर इस उपलब्धि के साथ आत्ममंथन भी जरूरी है।
बेंगलुरु को सिर्फ लंबी मेट्रो लाइनें नहीं, एक मुकम्मल शहरी यातायात नीति चाहिए।
आखिर ऐसी तरक्की किस काम की, जिसमें शहर तो दौड़ रहा है, लेकिन उसके नागरिक ट्रैफिक में फंसे हुए हैं? असली विकास मेट्रो के किलोमीटर गिनने में नहीं, लोगों का सफर आसान और सुरक्षित बनाने में है।
No comments:
Post a Comment