Thursday, November 12, 2026

 


सोनिया गांधी की आत्मकथा: इतिहास की गवाह, विचारों से बेखबर!

______________________

महात्मा गांधी ने खुद को कटघरे में खड़ा किया, नेहरू ने अपने विचारों की पड़ताल की। सोनिया गांधी की किताब में पारिवारिक घटनाओं का ब्यौरा है, लेकिन न मौलिक राजनीतिक सोच, न दूरदृष्टि और न राष्ट्रीय नेतृत्व के लायक आत्ममंथन। इंदिरा परिवार के घटनाक्रम का बयान है, मानो लेखिका इतिहास की खामोश दर्शक रही हों।

________________________

बृज खंडेलवाल द्वारा

13 नवंबर, 2026

________________________

तीन आत्मकथाएँ पढ़िए। महात्मा गांधी की सत्य के प्रयोग, जवाहरलाल नेहरू की मेरी कहानी और सोनिया गांधी की 2026 में प्रकाशित बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव। तीनों किताबें राजनीतिक विरासत से जुड़ी हैं, लेकिन सोच, साहस और बौद्धिक गहराई में जमीन-आसमान का फर्क है।

गांधी ने अपनी कमजोरियां स्वीकार कीं। नेहरू ने अपने विचारों और राजनीतिक फैसलों की पड़ताल की। सोनिया गांधी ने मुख्यतः अपने परिवार, प्रेम और निजी दुखों की कहानी सुनाई। घटनाएं बहुत हैं, लेकिन उनसे निकलने वाली राजनीतिक सीख कहां है? राष्ट्रीय भविष्य का विजन कहां है?

सोनिया गांधी दशकों तक देश की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों में रहीं। कांग्रेस की कमान उनके हाथ में थी। यूपीए सरकार के दौर में भी उनका असर अहम था। ऐसे नेता की आत्मकथा से केवल पारिवारिक यादों की उम्मीद नहीं होती। जनता विचार, विवेक, दूरदृष्टि और जवाबदेही भी चाहती है।

लेकिन किताब में वह कई बार इंदिरा गांधी परिवार के घटनाक्रम की एक खामोश दर्शक नजर आती हैं। घटनाएं सामने आती हैं, रिश्ते बनते-बिगड़ते हैं और त्रासदियां घटती हैं। मगर लेखिका की अपनी स्वतंत्र राजनीतिक राय बहुत कम दिखाई देती है।

गांधी की ,  सत्य के प्रयोग, एक इंसान की अपनी कमजोरियों से लड़ने की कहानी है। उन्होंने चोरी, मांस खाने, झूठ बोलने और कस्तूरबा के प्रति अपने ईर्ष्यालु व्यवहार तक का जिक्र किया। पिता की मृत्यु के समय उनके पास न होने का पछतावा भी लिखा।

गांधी ने अपनी छवि चमकाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने खुद को गलतियां करने वाला इंसान माना। उनके लिए सच केवल घटनाओं का ब्यौरा नहीं, नैतिक साधना था।

नेहरू ने अपनी आत्मकथा 1934-35 में जेल में लिखी। इसमें निजी जीवन के साथ आजादी की लड़ाई, कांग्रेस, गांधी का नेतृत्व और समाजवाद पर विचार हैं। उन्होंने अपनी सीमाओं, पूर्वाग्रहों और शुरुआती गलत धारणाओं को भी स्वीकार किया।

नेहरू से असहमति हो सकती है, लेकिन उनकी बौद्धिक उपस्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता। वह इतिहास को समझते हैं, सवाल उठाते हैं और भारत के भविष्य पर विचार करते हैं।

यही विचारशील नेता और घटनाओं का ब्यौरा लिखने वाले व्यक्ति के बीच फर्क है।


बिलॉन्गिंग में इटली का बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, इंदिरा परिवार में प्रवेश, इंदिरा और राजीव की हत्याएं तथा निजी जीवन की त्रासदियां हैं। राजनीति से दूरी और फिर कांग्रेस अध्यक्ष बनने का सफर भी दर्ज है।

निजी अनुभवों में भावनाएं हैं। लेकिन सवाल है कि क्या एक राष्ट्रीय नेता की आत्मकथा का दायरा इतना ही होना चाहिए?

क्या सोनिया गांधी के पास अपनी स्वतंत्र राजनीतिक दृष्टि थी? क्या उन्होंने भारत की समस्याओं पर गंभीर विचार किया? क्या उनके पास देश को बदलने का कोई दीर्घकालीन खाका था?

किताब इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं देती। वह बताती है कि क्या हुआ, लेकिन क्यों हुआ और उससे क्या सीख मिली, इस पर ठहरकर विचार नहीं करती।

इमरजेंसी का जिक्र आता है, लेकिन उसका पूरा राजनीतिक और नैतिक हिसाब कहां है? प्रेस पर सेंसरशिप लगी। हजारों लोग जेलों में डाले गए। नागरिक अधिकार कुचले गए और लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हुईं।

क्या यह केवल इंदिरा गांधी परिवार का अंदरूनी मामला था? इंदिरा गांधी की जिम्मेदारी और संजय गांधी की भूमिका पर खुलकर चर्चा जरूरी थी। केवल पारिवारिक नजरिए से इस राष्ट्रीय त्रासदी को समझना काफी नहीं।

1984 के सिख विरोधी नरसंहार पर सोनिया गांधी शर्मिंदगी जाहिर करती हैं। लेकिन क्या इतना काफी है? हजारों निर्दोष मारे गए, घर जलाए गए और परिवार उजड़ गए।

हिंसा में भूमिका के आरोप झेलने वाले कांग्रेस नेताओं की जवाबदेही पर खुली चर्चा क्यों नहीं? राजीव गांधी के 'जब बड़ा पेड़ गिरता है...' वाले बयान की नैतिक पड़ताल भी जरूरी थी।

इतिहास को केवल दुख जताकर नहीं समझा जा सकता। सच के लिए जिम्मेदारी तय करनी पड़ती है। पीड़ितों को सहानुभूति के साथ न्याय भी चाहिए।


बोफोर्स विवाद को मीडिया का बनाया मामला बताकर किनारे करना आसान है। लेकिन इस विवाद ने भारतीय राजनीति को गहराई से प्रभावित किया। क्वात्रोची का नाम भी इससे जुड़ा रहा। इन सवालों पर तथ्यपूर्ण चर्चा की उम्मीद थी।

बाबरी मस्जिद के मामले में भी कांग्रेस की रणनीति और उस दौर के राजनीतिक फैसलों की पड़ताल जरूरी थी।

सबसे बड़ी कमी यूपीए सरकार के दस वर्षों को लेकर है। 2004 में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया। इसे त्याग कहा गया। लेकिन प्रधानमंत्री न बनना और सत्ता से दूर रहना दो अलग बातें हैं।

वह कांग्रेस अध्यक्ष थीं और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष भी। सरकार के बड़े फैसलों पर उनके प्रभाव की चर्चा होती रही।

फिर उस दौर के भ्रष्टाचार के आरोपों, घोटालों, नीतिगत सुस्ती और कांग्रेस की चुनावी हार पर उनकी अपनी राय कहां है?

प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ने की कहानी सुनाना आसान है। पर्दे के पीछे से सत्ता पर प्रभाव के सवालों का जवाब देना मुश्किल है। देश जानना चाहता है कि फैसले कौन लेता था और जवाबदेही किसकी थी0 कैसे बचें? आर्थिक गैरबराबरी कैसे घटे? कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र कैसे आए? परिवारवाद से पार्टी कैसे बाहर निकले?

सोनिया गांधी के पास अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के आधार पर इन सवालों का जवाब देने का अवसर था। लेकिन किताब में कोई व्यापक राष्ट्रीय विजन उभरता नहीं है।

जिस परिवार ने दशकों तक कांग्रेस और देश की राजनीति को प्रभावित किया, उससे परिवारवाद पर आत्ममंथन की उम्मीद स्वाभाविक थी। क्या कांग्रेस का भविष्य गांधी परिवार से बाहर संभव है? क्या नेतृत्व योग्यता के आधार पर तय होना चाहिए? इन सवालों पर भी स्पष्ट राय नहीं मिलती।

यही किताब की सबसे बड़ी बौद्धिक कमजोरी है। निजी दुखों का बयान विस्तार से है, लेकिन सार्वजनिक जिम्मेदारी पर खामोशी है।


महात्मा गांधी की किताब नैतिक आत्ममंथन है। जवाहर लाल नेहरू की किताब विचारों और राष्ट्रीय संघर्ष की यात्रा है। सोनिया की किताब प्रेम, परिवार और निजी त्रासदियों का दस्तावेज है।

बिलॉन्गिंग एक राजनीतिक परिवार की अंदरूनी दुनिया समझने में मदद करती है। लेकिन देश की राजनीति को प्रभावित करने वाली नेता की स्वतंत्र सोच सामने लाने में कमजोर पड़ती है।

आत्मकथा परिवार की प्रतिष्ठा बचाने का दस्तावेज नहीं होती। यह अपने समय, समाज और खुद के प्रति ईमानदारी का इम्तिहान है।

गांधी ने अपनी कमियां सार्वजनिक कीं। नेहरू ने अपने विचारों को सवालों के कटघरे में खड़ा किया। सोनिया गांधी ने इतिहास देखा, लेकिन उससे कोई बड़ी राजनीतिक सीख निकालने की कोशिश कम दिखाई देती है।

आखिर सवाल यही है: क्या राष्ट्रीय नेता की आत्मकथा में केवल परिवार की यादें काफी हैं? इतिहास का गवाह होना और इतिहास को समझना दो अलग बातें हैं। सोनिया गांधी की किताब में पहली चीज भरपूर है, दूसरी की कमी साफ खलती है।



No comments:

Post a Comment