Friday, November 27, 2026

 हाथी सदन में, राजनीति जंगल में!

__________________

कर्नाटक का ऑपरेशन गज: हाथियों को हटाने निकली सरकार, नेताओं ने खोल दिया सियासी मोर्चा!

_____________________

बृज खंडेलवाल द्वारा

बैंगलोर, 29 नवंबर 2026

_____________________

जंगल हाथियों का था, लेकिन कब्जा इंसानों ने किया। अब हाथी गांवों में आ रहे हैं, फसलें रौंद रहे हैं और जानें ले रहे हैं। सरकार उन्हें दूसरे जंगल में भेजना चाहती है। लेकिन इस फैसले ने ऐसा सियासी तूफान खड़ा किया कि हाथियों से ज्यादा नेता चिंतित नजर आने लगे!

कर्नाटक में ऑपरेशन गज अब वन्यजीव संरक्षण से ज्यादा राजनीतिक विवाद बन गया है। किसान सड़कों पर हैं, विधायक इस्तीफे की पेशकश कर रहे हैं और मंत्री एक-दूसरे के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। जंगल की समस्या विधानसभा तक पहुंच गई है।

नवंबर में हासन जिले के बेलूर और पड़ोसी चिक्कमगलूरु जिले के मुदिगेरे में इंसान और हाथियों के बीच संघर्ष तेज हो गया। हाथियों ने फसलें रौंदी, मकानों को नुकसान पहुंचाया और लोगों की जान ली। अगस्त से अब तक चार लोगों की मौत की खबरें सामने आईं। नवंबर में बेलूर की दो मौतों ने सरकार पर कार्रवाई के लिए दबाव बढ़ा दिया।

"हजारों वर्ग किलोमीटर का वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरीज का क्षेत्र जो कर्नाटक, केरलम, और तमिल नाडु में पड़ता है, हजारों की संख्या में हाथियों का इलाका है, कभी वीरप्पन इस एरिया में एक्टिव था," पर्यावरण कार्यकर्ता वीर एल ने बताया। 

लेकिन हाथी गांवों में पहुंचे क्यों?

कर्नाटक में करीब 6,000 से 6,400 जंगली हाथी हैं। इनमें बड़ी संख्या पश्चिमी घाट के जंगलों में रहती है। कॉफी बागानों का विस्तार, जंगलों का बंटवारा, हाथियों के पुराने रास्तों पर कब्जे और पानी के स्रोतों का सूखना उनके प्राकृतिक आवास को सिकोड़ चुके हैं।

बेलूर के आसपास जंगलों के छोटे-छोटे टुकड़े बड़े झुंडों के लिए पर्याप्त नहीं हैं। स्थानीय अनुमानों के अनुसार, कॉफी बागानों में करीब 50 से 86 हाथी घूम रहे थे। दिन में वे बागानों में छिपते हैं और रात को खेतों में भोजन तलाशते हैं।

इंसान फसल उगाता है, हाथी उसे भोजन समझते हैं। टकराव होता है और कभी इसकी कीमत इंसानी जान से चुकानी पड़ती है।

इसी संकट से निपटने के लिए सरकार ने ऑपरेशन गज शुरू किया। दो नर हाथियों को 18 और 19 नवंबर को पकड़ा गया। एक को नागरहोल के मथिगोडु हाथी शिविर भेजा गया। दूसरे के गले में रेडियो कॉलर लगाकर बांदीपुर में छोड़ा गया।

इसके बाद करीब 56 हाथियों को बेलूर से मुदिगेरे और तत्कोला के जंगलों के रास्ते भद्रा वन्यजीव अभयारण्य की ओर भेजने की योजना बनी। अभियान में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद ली गई।

अधिकारियों का तर्क था कि भद्रा का करीब 950 से 1,000 वर्ग किलोमीटर का जंगल नए हाथियों को जगह दे सकता है। वहां पहले से लगभग 500 हाथी मौजूद हैं।

सुनने में योजना आसान थी। जैसे परेशान किरायेदारों को दूसरे मोहल्ले में भेज दिया जाए! लेकिन हाथी सरकारी कर्मचारी नहीं हैं। वे तबादले का आदेश लेकर नए जंगल में हाजिरी लगाने नहीं पहुंचते। उनका अपना इलाका, परिवार और पीढ़ियों से चले आ रहे रास्ते होते हैं।

चिक्कमगलूरु के लोगों ने योजना का विरोध किया। उनका सवाल था कि हासन की समस्या का बोझ उनके गांवों और कॉफी बागानों पर क्यों डाला जा रहा है? वे पहले ही हाथियों और जंगली गौर के हमलों से परेशान थे।

विरोध बढ़ा तो मुदिगेरे की कांग्रेस विधायक नयना ने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में इस्तीफा सौंप दिया। उनका आरोप था कि निर्वाचित प्रतिनिधियों से सलाह किए बिना फैसला लिया गया। श्रींगेरी के टी.डी. राजेगौड़ा और चिक्कमगलूरु के एच.डी. थम्मैया ने भी इस्तीफे जैसे कदम की चेतावनी दी।

दूसरी तरफ, हासन के नेताओं ने अभियान रोकने पर सवाल उठाए। बेलूर के भाजपा विधायक एच.के. सुरेश और जिले के प्रभारी मंत्री के.एम. शिवलिंगे गौड़ा की चिंता थी कि खतरनाक हाथियों से परेशान लोगों को अब राहत कैसे मिलेगी?

यानी हाथी अपनी राह तलाश रहे थे और नेता अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में लगे थे।

करीब 24 नवंबर को ऑपरेशन गज स्थगित कर दिया गया। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि दोनों जिलों की चिंताओं पर विचार जरूरी है। इस बीच झुंड बिखर गया। करीब 21 से 23 हाथी बेलूर लौट गए और लगभग 18 मुदिगेरे में रह गए। कुछ हाथी कोडागु सहित दूसरे इलाकों की ओर चले गए।

चिक्कमगलूरु के पास घूम रहे एक नर हाथी को पकड़ने के लिए छह कुमकी हाथियों की मदद से अलग अभियान भी चलाना पड़ा। साफ था कि समस्या किसी एक सरकारी आदेश से खत्म होने वाली नहीं थी।

लेकिन इस विवाद में एक महत्वपूर्ण सवाल पीछे छूट गया। क्या हाथियों को एक जंगल से दूसरे जंगल भेजना ही समाधान है? प्रकृति कोई सरकारी आवास योजना नहीं है कि खाली जगह देखकर किसी को भी बसा दिया जाए।

जंगलों में लैंटाना जैसी आक्रामक वनस्पतियां प्राकृतिक घास और बांस को नुकसान पहुंचा रही हैं। कॉफी बागानों के विस्तार ने भोजन की विविधता घटाई है। पानी के स्रोत सूख रहे हैं और इंसानी कब्जे ने हाथियों के पारंपरिक रास्ते बंद कर दिए हैं।

इस बहस में वीरप्पन के दौर को आदर्श बताने का भ्रम भी दूर करना चाहिए। वीरप्पन हाथियों का रक्षक नहीं, उनका शिकारी था। हाथीदांत के लिए उसने और उसके गिरोह ने बड़ी संख्या में हाथियों का शिकार किया। विश्वसनीय अनुमानों में उसके गिरोह को करीब 500 हाथियों की मौत के लिए जिम्मेदार माना जाता है। लोकप्रिय दावा कि उसने 2,000 हाथी मारे, प्रमाणित नहीं है।

कर्नाटक में हाथियों की आबादी पिछले डेढ़ दशक में मोटे तौर पर स्थिर रही है। 2017 की गणना में करीब 6,049 हाथी दर्ज किए गए थे। हाथीदांत के व्यापार पर प्रतिबंध और प्रोजेक्ट एलिफेंट जैसे संरक्षण प्रयासों ने उनकी सुरक्षा में योगदान दिया है। असली चुनौती उनके प्राकृतिक आवास को बचाने की है।

नवंबर में सात हाथियों की मौत की खबरें भी सामने आईं। इनमें कई हाथियों की मौत खेतों के आसपास लगाए गए अवैध बिजली के तारों से करंट लगने के कारण हुई। यह बेहद चिंताजनक है। इंसानी जान की सुरक्षा जरूरी है, लेकिन वन्यजीवों को भी हमारी लापरवाही की कीमत नहीं चुकानी चाहिए। हाथी हासन, बेलूर या मुदिगेरे की राजनीतिक सीमाएं नहीं पहचानते। उनका नक्शा चुनावी नहीं, प्राकृतिक होता है।

शायद इंसानों को हाथियों से कुछ सीखना चाहिए। वे अपने रास्ते याद रखते हैं, परिवार की रक्षा करते हैं और प्रकृति के नियमों के अनुसार जीते हैं। इंसान जंगल काटता है, रास्ते रोकता है और फिर अनचाहे मेहमानों की शिकायत करता है।

इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा हाथी जंगल में नहीं, हमारी सोच में बैठा है। हम उनका घर उजाड़ते हैं और फिर उन्हें घुसपैठिया कहते हैं।

आखिर जब इंसान हाथी का घर हथिया ले, तो असली घुसपैठिया कौन हुआ—हाथी या इंसान?

No comments:

Post a Comment