Monday, March 23, 2026

 आज मौसम बड़ा बेईमान है!

जब कुदरत बदल ले मिज़ाज, तो कैसे पढ़ें आसमान की ज़ुबान?

बदलते दौर में मौसम पूर्वानुमान की बढ़ती अहमियत

_______________________


बृज खंडेलवाल द्वारा

23 मार्च 2026

_______________________


अब मौसम भरोसे के क़ाबिल नहीं रहा। सचमुच आसमान ने अपनी ज़ुबान बदल ली है।

आज विश्व मौसम दिवस है। बात सीधी है, मगर असर गहरा। मौसम अब वैसा नहीं रहा, जैसा हमने बचपन में जाना था। कभी हल्की-फुल्की बारिश होती थी, अब वही आफ़त बनकर टूट पड़ती है। कभी गर्मी बस तपिश देती थी, आज वही जानलेवा लू बन जाती है।

हाल के दिनों को ही देख लीजिए। अचानक बदले मौसम ने खेतों में खड़ी फसलों को चौपट कर दिया। पहाड़ों में बेमौसम बर्फबारी जारी है। होली के तुरंत बाद तापमान ने ऐसी छलांग लगाई कि लोगों की सांसें अटक गईं। मौसम अब सिर्फ़ बदलता नहीं, चौंकाता है, डराता है, और कई बार तबाही का मंजर भी दिखा देता है।

कभी हमारा रिश्ता मौसम से सीधा था। पुरखों ने आसमान पढ़ना सीखा था। घाघ और भड्डरी जैसे लोक-ज्ञानी, बिना किसी मशीन के, सिर्फ़ प्रकृति के संकेतों से मौसम का हाल बता देते थे। उनकी कहावतें आज भी गांवों में गूंजती हैं: 

“शुक्रवार की बादरी, रही सनीचर छाय… बिन बरसे ना जाए।”

“दिन में गर्मी, रात में ओस… कहें घाघ, बरखा सौ कोस।”

ये सिर्फ़ शब्द नहीं थे, सदियों का अनुभव था। हवा का रुख, बादलों की चाल, पक्षियों का व्यवहार, सब कुछ संकेत देता था। किसान इन्हीं इशारों पर भरोसा करके बीज बोता था, मवेशी खरीदता-बेचता था, और अपनी रोज़ी-रोटी का फैसला करता था।

फिर आया विज्ञान का दौर। मौसम विभाग बना। सैटेलाइट आसमान पर नजर रखने लगे। रडार ने बादलों की चाल पकड़ ली। ज़मीनी स्टेशन डेटा जुटाने लगे। और फिर आने लगा पूर्वानुमान; कल बारिश होगी या धूप निकलेगी।

इस एक जानकारी पर कितनी ज़िंदगियां टिकी होती हैं! किसान की फसल, पायलट की उड़ान, मछुआरे की नाव, सरकार की तैयारी, सब कुछ मौसम की एक सही भविष्यवाणी पर निर्भर करता है। एक सटीक पूर्वानुमान कई जिंदगियां बचा सकता है।

लेकिन अब कहानी बदल चुकी है।

जलवायु परिवर्तन ने मौसम की पूरी किताब ही उलट दी है। बारिश का कोई ठिकाना नहीं। सूखा लंबा खिंचता है। तूफान पहले से ज्यादा ताक़तवर हो गए हैं। भारत में ही देख लीजिए, पहाड़ों में अचानक बाढ़, मैदानों में झुलसाती गर्मी, शहरों में जलभराव का कहर।

पुराना डेटा अब हर बार काम नहीं आता। मौसम अब सीधी लकीर नहीं, उलझी हुई पहेली बन गया है। ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों की जिम्मेदारी कई गुना बढ़ गई है। उनका काम अब सिर्फ़ “कल का मौसम” बताना नहीं रह गया है।

अब वे आने वाले हफ्तों, महीनों का अनुमान लगाते हैं। किसान को सलाह दी जाती है: कब बोना है, कब काटना है। जल प्रबंधन की रणनीतियां बनती हैं। आपदा प्रबंधन टीमें पहले से अलर्ट हो जाती हैं। यानी अब मौसम पूर्वानुमान सिर्फ़ सूचना नहीं, तैयारी का आधार बन चुका है।

तकनीक ने इस काम को और तेज़ और सटीक बनाया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग ने पूर्वानुमान को नई आंखें दी हैं। अब चेतावनी सिर्फ़ इतनी नहीं होती कि “भारी बारिश होगी”, बल्कि यह भी बताया जाता है कि “इस इलाके में बाढ़ का खतरा है।” हीटवेव की स्थिति में बुज़ुर्गों और बच्चों के लिए खास सलाह जारी की जाती है।

यह सिर्फ़ विज्ञान नहीं, ज़िंदगी बचाने का काम है।

इन सबके पीछे होते हैं मौसम वैज्ञानिक; खामोशी से काम करते हुए, दिन-रात आंकड़ों में डूबे हुए। उनकी मेहनत दिखती नहीं, लेकिन उसका असर हर जगह महसूस होता है। अब तो छोटे-छोटे इलाकों के लिए भी सटीक भविष्यवाणी संभव हो रही है।

दिलचस्प बात यह है कि अब आम लोग भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं। मोबाइल से भेजी गई स्थानीय जानकारी भी सिस्टम का हिस्सा बनती है। मौसम की दुनिया अब ज्यादा जुड़ी हुई, ज्यादा साझा हो गई है।

लेकिन एक सच्चाई और है; मौसम किसी सरहद को नहीं मानता। एक देश में उठा तूफान दूसरे देश में तबाही ला सकता है। इसलिए वैश्विक सहयोग जरूरी है। देशों के बीच डेटा साझा करना, तकनीक बांटना, और कमजोर देशों की मदद करना आज की जरूरत बन चुका है।

फिर भी, एक सवाल हमसे भी है।

क्या हम इन चेतावनियों को गंभीरता से लेते हैं? हम क्रिकेट का स्कोर हर मिनट देखते हैं, लेकिन मौसम की चेतावनी को अक्सर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। यही लापरवाही कई बार भारी पड़ती है।

आज का पैग़ाम साफ़ है।

मौसम अब सिर्फ़ खबर नहीं रहा। यह हमारी ज़िंदगी और मौत के बीच खिंची एक नाज़ुक लकीर बन चुका है। इसे समझना, इसे सुनना, और इस पर अमल करना; अब हमारी मजबूरी नहीं, हमारी ज़िम्मेदारी है।

No comments:

Post a Comment